Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

मध्य प्रदेश

भोपाल में डंपर और यात्री बस की टक्कर, तीन घायल: हादसे के समय बस में थे 20–25 यात्री

Blog Image
902

भोपाल, 17 सितंबर 2025 – राजधानी भोपाल के खजूरी सड़क थाना क्षेत्र में तड़के सुबह डंपर और यात्री बस की टक्कर हो गई। यह हादसा 11 मील स्थित श्याम पैलेस होटल के सामने हुआ। पुलिस के अनुसार, डंपर चालक ने ब्रेकर पर अचानक ब्रेक लगाया, जिससे पीछे से तेज़ रफ्तार में आ रही बीआर ट्रैवल्स की बस डंपर में पीछे से टकरा गई। हादसे के समय बस में लगभग 20 से 25 यात्री सवार थे, जिनमें से तीन को गंभीर चोटें आई हैं।

घायल ड्राइवर, कंडक्टर और एक यात्री को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा आज तड़के करीब चार बजे हुआ, और सुबह पाँच बजे तक एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया। मौके पर खजूरी सड़क थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य में मदद की।

उज्जैन से नागपुर जा रही थी बस
पुलिस ने बताया कि बीआर ट्रैवल्स की बस देर रात उज्जैन से नागपुर के लिए रवाना हुई थी। खजूरी सड़क क्षेत्र में जिगजैग ब्रेकर देख डंपर चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे पीछे से आ रही बस उससे टकरा गई।

कैबिन में बैठे तीनों गंभीर घायल
हादसे में बस के कैबिन में बैठे ड्राइवर प्रकाश पुरोहित (उज्जैन), कंडक्टर किरण (पिता राधेश्याम), और यात्री चेतन (पिता बाबूलाल, बैरसिया) गंभीर रूप से घायल हुए। इनमें प्रकाश और किरण के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। वहीं, एक दर्जन से अधिक यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

दोनों चालकों पर होगी कार्रवाई
टीआई नीरज वर्मा ने बताया कि डंपर चालक ने बिना चेतावनी दिए अचानक ब्रेक लगाया, जबकि बस चालक भी निर्धारित दूरी बनाए बिना वाहन चला रहा था। इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। दोनों वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Post