Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

उत्तर प्रदेश

यूपी: ट्राले की टक्कर से भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल

Blog Image
914

मैनपुरी (उत्तर प्रदेश):
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी ज़िले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब एक कार डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे ट्राले से टकरा गई। कार में छह लोग सवार थे। हादसे में केवल 11 वर्षीय एक बच्ची बच पाई, जिसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।

यह भीषण दुर्घटना बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला ताल के पास उस वक्त हुई जब परिवार के सदस्य आगरा से जन्मदिन मनाकर छिबरामऊ लौट रहे थे।

मरने वालों में पति-पत्नी, बेटियां और बहन शामिल

हादसे में मृतकों की पहचान 36 वर्षीय दीपक चौहान, उनकी 34 वर्षीय पत्नी पूजा, 9 वर्षीय बेटी आशी, फर्रुखाबाद निवासी बहन सुजाता (30) और उसकी 4 वर्षीय बेटी एनी के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल 11 वर्षीय आराध्या, दीपक की बड़ी बेटी, को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

कैसे हुआ हादसा

शुक्रवार दोपहर करीब 12:45 बजे कार नगला ताल के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर के उस पार चली गई और सामने से आ रहे ट्राले से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही पांच लोगों की जान चली गई।

कुछ घंटे पहले मनाया था जन्मदिन

परिजनों के अनुसार, हादसे से कुछ घंटे पहले ही परिवार ने दीपक के भाई राकेश चौहान की 4 वर्षीय बेटी काव्या का जन्मदिन आगरा में धूमधाम से मनाया था। परिवार जन्मदिन की खुशियों के बाद घर लौट रहा था। राकेश नोएडा में प्राइवेट कंपनी में कार्यरत हैं और बाकी परिवार छिबरामऊ लौट रहा था।

सीएम योगी ने जताया शोक

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायल बच्ची के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Post